शांतिपूर्ण धरना बना सवाल, नर्सिंग भर्ती पर कब आएगा बड़ा निर्णय?

देहरादून। नर्सिंग भर्ती से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन गुरुवार को अपने 49वें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलनकारी एकता बिहार धरना स्थल पर शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से लगातार डटे हुए हैं। लंबे समय से जारी इस आंदोलन के बावजूद अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस और स्पष्ट निर्णय सामने नहीं आने से आंदोलनकारियों में नाराजगी के साथ-साथ इंतजार भी बना हुआ है।

धरना दे रहे आंदोलनकारियों का कहना है कि वे शुरू से ही लोकतांत्रिक और संयमित तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा रहे हैं। उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों का समाधान पाना है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार शीघ्र कोई सकारात्मक और ठोस फैसला नहीं लेती है, तो आगे की रणनीति पर सभी साथियों के साथ सामूहिक रूप से विचार किया जाएगा।

धरना स्थल पर आज भी शांति और अनुशासन का माहौल बना रहा। आंदोलनकारियों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें अब भी सरकार से सकारात्मक पहल की उम्मीद है और वे समाधान निकलने तक अपनी आवाज लोकतांत्रिक तरीके से उठाते रहेंगे।

आज के धरना प्रदर्शन में नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, अनिल रमोला, प्रवेश रावत, सुभाष रावत, मुकेश रमोला, भास्कर, शिरा बंधानी सहित कई अन्य आंदोलनकारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुटता दिखाते हुए नर्सिंग भर्ती से संबंधित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग दोहराई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.