भाजपा अध्यक्ष चुनाव में दिखी लोकतांत्रिक ताकत, सतपाल महाराज बोले—यह संगठन की सार्वभौमिकता का प्रतीक

देहरादून/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संपन्न हुई। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नामांकन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया और इसे पार्टी की लोकतांत्रिक परंपरा और सार्वभौमिकता का सशक्त उदाहरण बताया।

सतपाल महाराज ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यहां संगठनात्मक चुनाव पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ संपन्न होते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पार्टी के मजबूत संगठनात्मक ढांचे और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि नया अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया यह दर्शाती है कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। खासतौर पर युवा चेहरे को संगठन की कमान सौंपे जाने की चर्चा से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और विश्वास का माहौल है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदारी देने में विश्वास रखती है, जिससे संगठन निरंतर मजबूत होता है।

सतपाल महाराज ने यह भी उल्लेख किया कि देश के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक प्रक्रिया के साक्षी बनने भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उत्तराखंड के आदि कैलाश जालिगकांग क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग दिल्ली पहुंचे थे, जो यह दर्शाता है कि पार्टी के संगठनात्मक निर्णयों में आम कार्यकर्ताओं की गहरी रुचि और सहभागिता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व केवल चुनाव की प्रक्रिया नहीं, बल्कि पार्टी के विचार, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का पर्व है। यह प्रक्रिया न केवल पार्टी को मजबूती देती है, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी और सशक्त बनाती है।

सतपाल महाराज ने विश्वास जताया कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ संगठन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटे रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.