उत्तर भारत में जारी शीतलहर के बीच शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बड़े हिस्से में छाए घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। कम दृश्यता के कारण रेल और हवाई यातायात दोनों ही प्रभावित हुए हैं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर विजिबिलिटी कम होने से कई उड़ानों के संचालन में देरी दर्ज की गई।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से सुबह एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से अपील की गई कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी-अपनी एयरलाइंस से फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांच लें। प्रशासन ने बताया कि घने कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशन पर समय-समय पर असर पड़ सकता है। हालांकि कैट-थ्री सक्षम उड़ानों का संचालन जारी है, लेकिन फिर भी यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं रेलवे यातायात पर भी कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला। रेलवे की ट्रेन रनिंग लिस्ट के अनुसार शनिवार सुबह तक कुल 177 ट्रेनें देरी से चल रही थीं। कई ट्रेनों की लेटलतीफी दो घंटे से लेकर आठ घंटे तक दर्ज की गई है। दिल्ली-एनसीआर में कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली आने-जाने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों पर असर पड़ा है। प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा और झांसी डिवीजन की ट्रेनों में भारी देरी देखने को मिली है। रेल अधिकारियों के अनुसार कोहरे के चलते सिग्नलिंग सिस्टम और ट्रैक की दृश्यता प्रभावित हुई है, जिस कारण ट्रेनों को नियंत्रित गति से चलाया जा रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि आईएमडी के अनुसार न्यूनतम तापमान में हल्का सुधार दर्ज किया गया है। 16 जनवरी को जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 17 जनवरी की सुबह यह बढ़कर 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस बीच राजधानी की वायु गुणवत्ता भी गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 368 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।