मधेपुरा में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार हाइवा ने ली 4 युवकों की जान

बिहार के मधेपुरा जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण हादसा मधेपुरा–वीरपुर नेशनल हाईवे-106 पर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजली कार्यालय (पावर ग्रिड) और बीएन मंडल विश्वविद्यालय के समीप हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह घने कोहरे और अंधेरे के कारण दृश्यता काफी कम थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा एक हाइवा अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन हाइवा के नीचे जा घुसा।

हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और कोहरा हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने एनएच-106 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.