देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी जनपद के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। राज्य सरकार ने राजकीय नर्सिंग कॉलेज सुरसिंधार, टिहरी में एमएससी (नर्सिंग) पाठ्यक्रम के संचालन को औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई विधिवत रूप से शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस प्रस्ताव को अनुमोदन देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में नर्सिंग और मेडिकल शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए नए कॉलेजों की स्थापना के साथ-साथ स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की स्वीकृति दी जा रही है।
मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि राजकीय नर्सिंग कॉलेज टिहरी में एमएससी नर्सिंग के अंतर्गत कुल 10 सीटें स्वीकृत की गई हैं। इन सीटों को पांच प्रमुख विषयों में समान रूप से विभाजित किया गया है। इनमें कम्युनिटी हेल्थ नर्सिंग, ऑब्सटेट्रिकल एंड गायनोकोलॉजी नर्सिंग, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग, चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग और मेंटल हेल्थ नर्सिंग शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से टिहरी नर्सिंग कॉलेज में एमएससी पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की मांग की जा रही थी। अब इस मंजूरी के बाद न केवल बीएससी नर्सिंग कर चुके छात्रों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा, बल्कि प्रदेश को भविष्य में कुशल, प्रशिक्षित और विशेषज्ञ नर्सिंग स्टाफ भी उपलब्ध होगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पहले सभी आवश्यक शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह निर्णय उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।