न्याय पंचायत स्तर पर जनसुनवाई का असर, पिथौरागढ़ में तेज हुआ समस्याओं का निस्तारण

पिथौरागढ़। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम **“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार”** के तहत गुरुवार को जनपद पिथौरागढ़ में एक व्यापक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने भाग लेकर बड़ी संख्या में पहुंची जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान कराया। इस जनसुनवाई में न्याय पंचायत बीसा बजेड क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए, जो अपनी-अपनी समस्याओं और मांगों के साथ पहुंचे थे।

कार्यक्रम का आयोजन पिथौरागढ़ के राजकीय इंटर कॉलेज सातशिलिंग परिसर में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने टूटी हुई नालियों और सड़कों के निर्माण, फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ लगाने, पेयजल आपूर्ति को नियमित करने, राशन कार्ड व अन्य सरकारी दस्तावेजों के निर्माण, चेक डैम और खेल मैदान की मांग सहित कई जनसमस्याएं सामने रखीं।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कार्यक्रम में मौजूद सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से समस्याओं पर विस्तृत जानकारी ली और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का तत्काल निस्तारण संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, जबकि शेष मामलों में समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत गांवों तक विकास की धारा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले इस प्रकार की जनसुनवाई जिला, ब्लॉक या विधानसभा स्तर पर आयोजित होती थी, लेकिन अब न्याय पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होने से समस्याओं के समाधान में तेजी आई है और आम जनता को राहत मिल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि लोगों तक उनका लाभ पहुंचाना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, राज्यमंत्री अशोक नबियाल, जिलाधिकारी आशीष भटगई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप जिलाधिकारी मनजीत सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी आशुतोष सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.