लोहाघाट/चंपावत। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। चंपावत जनपद के लोहाघाट में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शुक्रवार को प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्य ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने कॉलेज परिसर में तैयार हो चुके आधुनिक सिंथेटिक ट्रैक का भी अवलोकन किया। यहां अभ्यास कर रहे युवा खिलाड़ियों से उन्होंने संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान खेल मंत्री ने कहा कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण से उत्तराखंड की बेटियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि लोहाघाट को खेलों का “पावर हाउस” बनाने की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इस महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां आधुनिक ट्रैक, प्रशिक्षण सुविधाएं, आवासीय व्यवस्था और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जाएगी।
खेल मंत्री ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि भविष्य में यहां प्रशिक्षण लेने वाली खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
रेखा आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज जैसे संस्थान न केवल प्रतिभाओं को निखारेंगे, बल्कि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की बेटियों को भी खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, सुभाष बगोली, हिमेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, उपजिलाधिकारी नीतू डागर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।