देहरादून। जिले में आपदा के प्रति जागरूकता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून के तत्वावधान में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 16 जनवरी 2026 को एस.जी.आर.आर. पब्लिक स्कूल, पटेल नगर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों सहित कुल 600 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
यह प्रशिक्षण जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण की समझ विकसित करना तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने की क्षमता को बढ़ाना रहा।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून के मास्टर ट्रेनर राजू शाही और मोहित सिंह ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। वहीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) से इंस्पेक्टर दीपक कठैत सहित विक्रम, संदीप, संजय और सतपाल ने विभिन्न आपदाओं से निपटने के व्यावहारिक अनुभव साझा किए।
प्रतिभागियों को भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, युद्ध, आतंकवादी घटनाओं और अन्य संभावित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी के तरीके, आपातकालीन दूरभाष नंबरों की उपयोगिता और संकट के समय सही निर्णय लेने के तरीकों पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान भूदेव ऐप, सैटेलाइट फोन के उपयोग और आपदा प्रबंधन में प्रयुक्त विभिन्न उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी भी सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक रूप से दी गई। छात्रों और शिक्षकों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और आपदा से निपटने के जरूरी कौशल सीखे।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को आपदा के समय सुरक्षित रहने और दूसरों की सहायता करने के लिए तैयार किया जा सके।