देहरादून। हरिद्वार कुंभ क्षेत्र में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर उठे विवाद पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की आपत्ति को तुष्टिकरण की राजनीति का हिस्सा बताया है। भाजपा का कहना है कि यह मुद्दा किसी नए नियम से जुड़ा नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही सनातन परंपराओं और धर्माचार्यों की भावनाओं से संबंधित है, जिनका सम्मान किया जाना चाहिए।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में गैर-हिंदू प्रवेश को लेकर विपक्ष द्वारा उठाई जा रही आपत्तियां पूरी तरह राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था वहां पहले से ही स्वतः स्थापित रही है और स्थानीय धर्माचार्यों व पुरोहित समाज की मान्यताओं के अनुरूप है। ऐसे में कांग्रेस को चाहिए कि वह सनातन परंपराओं और आस्थाओं का सम्मान करे।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि जब मक्का-मदीना जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों में गैर-मुस्लिमों का प्रवेश वर्जित है, तो उसी तरह हिंदू धर्मस्थलों की परंपराओं का भी सम्मान होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी गैर-हिंदू गंगा स्नान कर पुण्य प्राप्त करने की भावना से वहां नहीं जाता। यदि कोई व्यक्ति स्नान के माध्यम से हिंदू धर्म अपनाना चाहता है, तो वह अलग विषय है, लेकिन अन्य सभी को वहां प्रचलित नियमों का पालन करने में आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने किसान आत्महत्या प्रकरण पर भी कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो चुकी है और कुमाऊं आयुक्त द्वारा सभी संभावित पक्षों और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले राजनीति करना अनुचित है और विपक्ष को संयम बरतना चाहिए।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस को मुद्दाविहीन पार्टी बताते हुए कहा कि वह हर संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे गंभीर प्रकरण होते हैं, जिनका सरकार की कार्यप्रणाली से सीधा संबंध नहीं होता, फिर भी कांग्रेस चुनावी लाभ के लिए सरकार को बदनाम करने में जुटी रहती है।
उन्होंने अगस्त्यमुनि की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा वहां 20 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम निर्माण की घोषणा की गई थी, जिसे लेकर कांग्रेस बेवजह भ्रम फैला रही है।