मादुरो की गिरफ्तारी के बाद काराकस में तनाव, मिराफ्लोरेस पैलेस के पास फायरिंग

वेनेजुएला की राजधानी काराकस में राष्ट्रपति भवन पालासिओ डी मिराफ्लोरेस के आसपास सोमवार को अचानक गोलीबारी और जोरदार धमाकों की आवाज से हड़कंप मच गया। घटना के बाद राष्ट्रपति भवन और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब दो दिन पहले अमेरिकी सेना के हमले के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई थी और देश में सत्ता परिवर्तन की स्थिति बनी हुई है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर सामने आए सत्यापित वीडियो में काराकस के आसमान में एंटी-एयरक्राफ्ट फायरिंग देखी गई है। एक अन्य वीडियो में राजधानी में तेज गोलीबारी की आवाजें सुनी जा सकती हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि राष्ट्रपति भवन के पास उरडानेटा एवेन्यू क्षेत्र में फायरिंग की आवाजें स्पष्ट रूप से सुनाई दीं।

सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह गोलीबारी किसी हमले का नतीजा नहीं बल्कि एक गलतफहमी के कारण हुई। बताया गया कि राष्ट्रपति भवन के ऊपर एक संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने पर सुरक्षाबलों ने एहतियातन एंटी-एयरक्राफ्ट फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने दावा किया है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

इस बीच, अमेरिका ने घटना में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। वहीं, वेनेजुएला के सूचना और विदेश मंत्रालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.