वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका ने अब मादुरो के अन्य करीबी नेताओं पर भी नजरें टिका दी हैं। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, मादुरो सरकार के कई शीर्ष नेता कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी और नार्को-टेररिज्म से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा रहे हैं। मादुरो और उनकी पत्नी पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उन्हें न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत में पेश किया जा चुका है। फिलहाल मादुरो को ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मादुरो के लगभग सभी प्रमुख सहयोगियों पर भी ऐसे ही आरोप हैं। इन नेताओं पर मादुरो के साथ मिलकर एक संगठित ड्रग्स कार्टेल संचालित करने का आरोप है, जिसके जरिए अमेरिका में कई टन कोकीन की तस्करी की गई। आरोपों के घेरे में कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज, गृह एवं न्याय मंत्री डियॉस्डाडो कैबेलो, रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज, नेशनल असेंबली अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिग्ज और मादुरो के बेटे निकोलस अर्नेस्टो मादुरो गुएरा शामिल हैं।
निकोलस अर्नेस्टो मादुरो गुएरा, जिन्हें देश में ‘निकोलसिटो’ या ‘लिटिल निकोलस’ के नाम से जाना जाता है, पर वर्ष 2020 में कार्टेल डे लॉस सोल्स से जुड़े ड्रग अपराधों के आरोप लगाए गए थे। अमेरिकी आरोप पत्र के अनुसार, उन्होंने अपने पिता और अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर कैरिबियन और मध्य अमेरिका के रास्ते अमेरिका तक कोकीन पहुंचाने में भूमिका निभाई।
डेल्सी रोड्रिग्ज, जो हाल ही में कार्यवाहक राष्ट्रपति बनी हैं, मादुरो की सबसे करीबी सहयोगी मानी जाती हैं। वॉशिंगटन लंबे समय से उन पर मादुरो की सत्ता को बनाए रखने में मदद करने का आरोप लगाता रहा है। वहीं, डियॉस्डाडो कैबेलो पर अमेरिका में पांच टन से अधिक कोकीन की तस्करी में सहयोग देने का आरोप है।
रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज पर भी ड्रग्स तस्करी से जुड़ी उड़ानों को सुरक्षित रास्ता देने और इसके बदले संरक्षण शुल्क लेने के आरोप हैं। जॉर्ज रोड्रिग्ज, जो कार्यवाहक राष्ट्रपति के भाई हैं, 2021 से नेशनल असेंबली के अध्यक्ष पद पर हैं। अमेरिका का कहना है कि मादुरो शासन के ये नेता मिलकर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क को संरक्षण दे रहे थे।