जनपद पिथौरागढ़ के ऊंमचिया क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे की पुष्टि सोमवार को हुई, जब गहरी खाई में गिरे एक चरवाहे का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कृष्ण सिंह के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में पशुपालन का कार्य करता था। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात डीसीआर पिथौरागढ़ को सूचना मिली कि ऊंमचिया क्षेत्र में एक चरवाहा पहाड़ी रास्ते से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम को अलर्ट किया गया। अस्कोट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था। अत्यधिक दुर्गम और जोखिम भरे पहाड़ी रास्ते के कारण रेस्क्यू टीम को लगभग 2.5 किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ा। टीम ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत करते हुए खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को स्ट्रेचर के माध्यम से रोड हेड तक लाया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद शव को सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।