पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो की मौके पर मौत

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिले के केरनबिछुल क्षेत्र के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम पोस्ट पिथौरागढ़ से उप निरीक्षक प्रेम उपराड़ी के नेतृत्व में तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम को पता चला कि वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से एक घायल व्यक्ति को पहले ही सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया था।

खाई में फंसे दो अन्य व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ टीम ने दुर्गम पहाड़ी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच करीब 300 मीटर गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने दोनों शवों को बाहर निकालकर लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल पहाड़ी और नदी मार्ग से होते हुए सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शवों को स्थानीय प्रशासन को सौंपते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

मृतकों की पहचान हयात सिंह (38 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी ग्राम सात सीलिंग तथा संजय कुमार पुत्र प्रेम राम, निवासी ग्राम पंडा, जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.