रुड़की के ‘मोदी’ कहे जाने वाले अवनीश त्यागी का निधन, शहर में शोक की लहर

रुड़की। हरिद्वार जनपद के जाने-माने सामाजिक व्यक्तित्व और “मोदी” के नाम से पहचाने जाने वाले अवनीश त्यागी अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने नोएडा के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। हर वर्ग के लोगों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

स्वर्गीय अवनीश त्यागी शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी के समर्थक रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विचारधारा से वे इतने प्रभावित थे कि उन्होंने न सिर्फ उनकी तरह दाढ़ी रखी, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया था। इसी वजह से लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “मोदी” कहकर बुलाते थे। भाजपा के छोटे-बड़े हर कार्यक्रम, रैली और आयोजन में उनकी सक्रिय मौजूदगी रहती थी।

उनका स्वभाव अत्यंत शालीन, सरल और मिलनसार था। वे जिस भी सभा या कार्यक्रम में जाते, लोग उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित रहते थे। समाज के हर वर्ग से उनका गहरा जुड़ाव था, जिसके चलते वे सभी के प्रिय बन गए थे।

उनके कॉलेज के सहपाठी एवं अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अवनीश त्यागी का व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था। वे व्यवहार से सभी का दिल जीत लेते थे और उनके जीवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि पूरी तरह समाई हुई थी।

उनके निधन पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, देशराज कर्नवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, मेयर अनीता देवी अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड, जिलाध्यक्ष संजय अरोरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

अवनीश त्यागी का जाना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.