डॉ. शाजिया नाज को मिली बड़ी जिम्मेदारी, वर्ल्ड कंज़्यूमर ऑर्गेनाइजेशन की बनीं राष्ट्रीय महासचिव

रुड़की। उपभोक्ता अधिकारों की मजबूती के लिए लंबे समय से सक्रिय डॉ. शाजिया नाज को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ल्ड कंज़्यूमर ऑर्गेनाइजेशन, इंडिया ने उन्हें संगठन की राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त करते हुए पश्चिमी भारत का क्षेत्रीय समन्वयक बनाया है। यह नियुक्ति आगामी तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि डॉ. शाजिया नाज उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम–2019 के अंतर्गत आम नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाएंगी। इसके अंतर्गत सेमिनार, गोष्ठियां, जनसंपर्क कार्यक्रम और प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज के हर वर्ग तक उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी पहुंच सके।

संगठन ने अपने पत्र में डॉ. शाजिया नाज की कार्यशैली, ईमानदारी और सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए विश्वास जताया है कि वह इस महत्वपूर्ण दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। उपभोक्ता हितों की रक्षा के क्षेत्र में उनका पूर्व अनुभव संगठन के उद्देश्यों को नई दिशा देगा।

उनकी नियुक्ति की जानकारी जिलाधिकारी सहारनपुर, जिला उपभोक्ता संरक्षण फोरम, जिला पूर्ति अधिकारी, राष्ट्रीय उपभोक्ता संरक्षण आयोग सहित संबंधित विभागों को भेज दी गई है। साथ ही मीडिया के माध्यम से आम जनता को भी इसकी सूचना दी गई है।

डॉ. शाजिया नाज लंबे समय से उपभोक्ता अधिकारों, जागरूकता अभियानों और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। उनकी यह नई जिम्मेदारी न केवल संगठन के लिए बल्कि पश्चिमी भारत के उपभोक्ताओं के लिए भी एक सकारात्मक और मजबूत कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.