रक्तदान से बचेंगी जिंदगियां: रुड़की में शहीद भगत सिंह ब्रिगेड की सराहनीय पहल

रुड़की। शहीद भगत सिंह ब्रिगेड वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रामनगर स्थित गुरुद्वारे में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंदों, विशेषकर थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने रक्तदाताओं और आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान पुण्य का कार्य है, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को शुभकामनाएं दीं।

पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी रक्तदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान जैसा पुनीत कार्य समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित होता है।

संस्था के अध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को नि:शुल्क रक्त उपलब्ध कराया जाता है, इसी उद्देश्य से संस्था वर्ष में दो बार रक्तदान शिविर का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे कई बच्चों को नया जीवन मिल सकता है।

संस्था के सतनाम सिंह और अमनदीप ने बताया कि शहीदी पर्व की शुरुआत पर हर वर्ष यह शिविर आयोजित किया जाता है, जो गुरु गोविंद सिंह के चार साहबजादों की स्मृति को समर्पित है।

संगठन सचिव शिल्पी सिंह ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को हर तीन महीने में रक्तदान करना चाहिए। इससे न केवल दूसरों का जीवन बचता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य की भी जानकारी मिलती है।

इस अवसर पर राजेश तिवारी, अजीत सिंह, अनुज शर्मा, अमनदीप सिंह, राजीव चौधरी, अनिकेत पाल, अंकित कुमार, दीपा, सन्नी, सिमरनजीत सिंह, हिमानी, रजनी और निखिल सेठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने रक्तवीरों को सम्मान पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.