मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियारों का जखीरा बरामद, कई उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर व्यापक अभियान चलाकर उग्रवाद और नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। अलग-अलग जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया, कई प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया, वहीं एक ड्रग तस्कर को भी हेरोइन के साथ दबोचा गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि काकचिंग जिले के सुगनू थाना क्षेत्र अंतर्गत मोल्टिनचैन गांव में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। इसमें एक एसएलआर, स्थानीय रूप से निर्मित बोल्ट-एक्शन स्नाइपर राइफल, डीबीबीएल और एसबीबीएल बंदूकें, स्थानीय पिस्तौल, एक हैंड ग्रेनेड, 51 मिमी एचई बम, एसएलआर की गोलियां, स्टन शेल और अन्य सैन्य सामग्री शामिल है।

इसी क्रम में मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर जिले के कुम्बी थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर थंगजाम प्रियोबार्ता सिंह उर्फ योक्खतपा को उसके आवास से गिरफ्तार किया। वहीं, इंफाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई थाना क्षेत्र से प्रीपाक (प्रो) के दो सक्रिय उगाहीकर्ताओं को भी पकड़ा गया। इनके पास से 9 मिमी पिस्टल, मैगजीन में लोड कारतूस, मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया।

इसके अलावा, इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र से यूएनएलएफ (कोइरेंग) की दो सक्रिय महिला कैडरों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के पास से मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। एक अन्य कार्रवाई में इंफाल पश्चिम जिले के लम्पेल इलाके से यूएनएलएफ (पी) के एक सक्रिय उगाहीकर्ता को भी गिरफ्तार किया गया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इंफाल पूर्व जिले से एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से हेरोइन नंबर-4 से भरे सात साबुन के डिब्बे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और राज्य में अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.