After Header-1

टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू, प्रीतम सिंह ने संभाली कमान

देहरादून। उत्तराखंड में जनता के अधिकारों, न्याय और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून से न्याय यात्रा का शुभारंभ किया।

कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में टपकेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनता को न्याय मिलने की कामना की गई।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन से राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जानी प्रस्तावित है। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान चौक, घंटाघर और पलटन बाजार में जनसंपर्क करते हुए राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंचने का कार्यक्रम है।

कांग्रेस का कहना है कि न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, सवालों और अपेक्षाओं को सुनना है। पार्टी इसे न्याय, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को मजबूत करने वाला जनसंपर्क अभियान बता रही है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है और अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

प्रदेशभर में निकाली जाएगी न्याय यात्रा

देहरादून से शुरू हुए इस अभियान को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की तैयारी है। कांग्रेस के अनुसार आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश समेत प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा आयोजित की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएंगे।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि न्याय यात्रा केवल पदयात्रा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता के दुख-दर्द, अधिकारों और आकांक्षाओं से जुड़ने का माध्यम बनेगी। पार्टी ने जनता के हितों की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखने का संकल्प दोहराया।

ये नेता रहे मौजूद

न्याय यात्रा के शुभारंभ के दौरान पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना, संचार सचिव वैभव वालिया, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहर दसौनी, अश्विनी बहुगुणा, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर जोगी, वीरेंद्र पोखरियाल, संग्राम सिंह पुंडीर, अभिनव थापर, सुशांत बोरा, मनमोहन शर्मा, गौतम नौटियाल, पीयूष गौड़, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, राहुल मनवाल, सोनिया आनंद, अनूप कपूर और अमित रावत सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.