नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों से ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। यह राष्ट्रीय पहल नागरिकों को उनके भूले-बिसरे और बिना दावे वाले वित्तीय संसाधनों को वापस दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इनमें बैंक खातों की निष्क्रिय जमा राशि, अनक्लेम्ड बीमा भुगतान, लंबित डिविडेंड और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियाँ शामिल हैं, जिन्हें वर्षों से कोई दावा नहीं किया गया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिंक्डइन ब्लॉग साझा करते हुए कहा कि यह अभियान लोगों के भूले हुए वित्तीय संसाधनों को नए अवसर में बदल सकता है। उन्होंने नागरिकों से इस आंदोलन से जुड़ने और अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
सरकार के अनुसार, देशभर में करोड़ों रुपए ऐसे फंड के रूप में पड़े हैं जिनपर हकदारों ने दावा नहीं किया है। कई वित्तीय संस्थानों ने बताया है कि बड़ी संख्या में लोग अपने पुराने खातों, निवेशों, बीमा पॉलिसियों या डिविडेंड के बारे में भूल जाते हैं, जिसके कारण लाखों-करोड़ों रुपए वर्षों तक उपयोग में नहीं आ पाते।
इस अभियान के तहत नागरिकों को उनके नाम से जुड़े सभी संभावित वित्तीय दावों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपनी धनराशि वापस प्राप्त कर सकें। सरकार का मानना है कि यह पहल न केवल लोगों को उनका अधिकार दिलाएगी, बल्कि वित्तीय जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।