देहरादून में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने अपने पूरे जीवन में शिक्षा, समानता, अधिकार और स्वाभिमान की अलख जगाई। वह सामाजिक न्याय और समरसता के ऐसे प्रतीक थे, जिन्होंने भारत के लोकतांत्रिक ढांचे की मजबूत नींव रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चलते हुए उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह निर्णय न सिर्फ सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण है, बल्कि बाबा साहेब के उस सपने को साकार करने की दिशा में भी बड़ा प्रयास है, जिसमें हर नागरिक को समान अधिकार और न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचार आज भी देश को नई दिशा देने में सक्षम हैं और उनके बताए आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे। धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार संविधान के मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए जनता के हित में कार्य करती रहेगी।