सिल्वर एलीफेंट अवार्ड से सम्मानित होंगे डॉ. रावत—क्या है इस सम्मान की खासियत?

देहरादून । उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत को स्काउट-गाइड आंदोलन में उत्कृष्ट योगदान के लिए देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार आगामी 26 नवंबर को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश राजभवन में आयोजित समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदान किया जाएगा।

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का सिल्वर एलीफेंट अवार्ड संगठन का सबसे बड़ा और सम्मानित पुरस्कार माना जाता है। इसे उन विशिष्ट व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने स्काउट-गाइड आंदोलन के विस्तार, चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो।

डॉ. रावत को यह सम्मान उत्तराखंड में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई गति देने, इसे शिक्षण संस्थानों में प्रभावी रूप से लागू करने और युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना तथा राष्ट्रभक्ति को प्रोत्साहित करने के उनके निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया जा रहा है।

अपने कार्यकाल में डॉ. रावत ने राज्य के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को अनिवार्य रूप से लागू करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उन्होंने हर स्कूल में स्काउट-गाइड इकाई स्थापित करने की प्रक्रिया को मजबूत किया और संगठन की सदस्य संख्या को दो लाख तक पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित कर इसके विस्तार को नई दिशा दी।

इसके साथ ही, डॉ. रावत ने युवाओं को साहसिक गतिविधियों, सामाजिक उत्तरदायित्वों और संवेदनशील नागरिकता से जोड़ने के उद्देश्य से कई अभियान शुरू किए। स्काउट-गाइड के माध्यम से राज्य में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, नशा मुक्ति और जनजागरूकता संबंधी कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित किया गया।

सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर डॉ. धन सिंह रावत ने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियाँ न केवल विद्यार्थियों में शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक क्षमताओं का विकास करती हैं, बल्कि विश्व बंधुत्व, सेवा और अनुशासन जैसी अनमोल मान्यताओं को भी मजबूत बनाती हैं।
उन्होंने इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.