श्रीनगर (गढ़वाल)। 2015 से पूर्व वार्षिक प्रणाली में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हिमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (HNBGU) ने एक महत्वपूर्ण राहत देते हुए परीक्षा पास करने का अंतिम मौका प्रदान किया है। विश्वविद्यालय ने इस प्रक्रिया के लिए ऑफलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं, जिन्हें 15 दिसंबर तक भरा जा सकेगा।
विशेष कार्याधिकारी (परीक्षा) प्रो. राजेंद्र सिंह फर्त्याल ने बताया कि गढ़वाल विश्वविद्यालय की 23वीं विद्या परिषद बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि वे छात्र, जो वार्षिक प्रणाली के दौरान पर्यावरण विज्ञान, इलिमेंटरी बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी, या एनवायरनमेंट एजुकेशन में अर्हता प्राप्त नहीं कर पाए थे, उन्हें एक और अवसर दिया जाए। इस निर्णय का उद्देश्य पुराने विद्यार्थियों को उनकी डिग्री पूर्ण करने में सहयोग देना है।
विश्वविद्यालय ने इन परीक्षाओं के लिए ऑफलाइन आवेदन फॉर्म जारी कर दिए हैं और आवेदन शुल्क 4,000 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षार्थी यह शुल्क विवि के कैश काउंटर, बैंक ड्राफ्ट या ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं। इसके बाद छात्रों को अपनी फीस रसीद, परीक्षा आवेदन पत्र और स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष की अंकतालिकाओं की छायाप्रति 20 दिसंबर तक परीक्षा अनुभाग में जमा करनी होगी। प्रवेश पत्र भी वहीं से उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षा का केंद्र बिड़ला परिसर, श्रीनगर निर्धारित किया गया है। बैंक ड्राफ्ट गढ़वाल विवि के वित्त अधिकारी के नाम से ही देय होगा। छात्र परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट **hnbgu.ac.in** से प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही किसी भी तरह की सहायता के लिए सहायक कुलसचिव परीक्षा चंद्रमोहन से 9412934660 या 8445859188 पर संपर्क किया जा सकता है।