दिल्ली के चार अदालतों और दो स्कूलों को उड़ा देने की धमकी!

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह अचानक तब हड़कंप मच गया जब चार जिला अदालतों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और एहतियात के तौर पर सभी संबंधित स्कूलों और अदालत परिसरों को तुरंत खाली कराया गया।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात कॉल आई। कॉलर ने दावा किया कि प्रशांत विहार और द्वारका स्थित सीआरपीएफ स्कूलों में बम लगाए गए हैं। कॉल समाप्त होते ही फोन स्विच ऑफ हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू कर दी।

इसके अलावा **पटियाला हाउस कोर्ट, साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट और द्वारका कोर्ट** को भी ई-मेल के माध्यम से बम धमाके की धमकी मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अदालतों में सभी कामकाज अस्थायी रूप से रोक दिया गया और परिसर खाली कराया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, आपदा प्रबंधन दल, सीआरपीएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से दोनों स्कूलों और कोर्ट परिसरों में पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने घंटों तलाशी अभियान चलाया, परंतु अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

अधिकारियों का कहना है कि यह शरारतपूर्ण या दहशत फैलाने वाली कॉल हो सकती है, लेकिन जब तक जांच पूरी नहीं होती, किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता। स्कूलों और अदालतों को फिलहाल सुरक्षित घोषित किया गया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया गया है।

पुलिस कॉल करने वाले की पहचान पता करने के लिए उसके मोबाइल की लोकेशन और तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि दोषी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है और मामले को गंभीरता से जांचा जा रहा है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.