थिंपू (भूटान)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार देर शाम दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके को लेकर गहरी संवेदना जताई है और स्पष्ट किया है कि इस घटना के पीछे जो भी साजिशकर्ता हैं, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
भूटान की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को ग्लोबल पीस फेस्टिवल में अपने संबोधन की शुरुआत इसी मुद्दे से की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई यह भयावह घटना पूरे देश को झकझोर गई है और इस कठिन समय में पूरा भारत पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज मैं बहुत भारी मन से यहां आया हूं। कल शाम दिल्ली में जो भयानक घटना हुई, उससे सभी बहुत दुखी हैं। मैं पीड़ित परिवारों का दुख समझता हूं। आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”
श्री मोदी ने बताया कि वे रात भर जांच एजेंसियों से संपर्क में रहे और पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, “इस साजिश की हर कड़ी को उजागर किया जाएगा। इसके पीछे जो भी हैं, उन्हें सज़ा अवश्य मिलेगी।”
गौरतलब है कि सोमवार शाम लाल किले के पास खड़ी एक कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हुए हैं। धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी और राष्ट्रीय राजधानी में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आतंक और हिंसा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर चलता है, और देश की सुरक्षा से जुड़ी हर साजिश का कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे मुश्किल वक्त में देश की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है।