मेदिनीनगर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पलामू में स्वैच्छिक रक्तदान के महाअभियान की शुरुआत होने जा रही है। इस क्रम में 12 नवंबर से 28 नवंबर 2025 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड की अपर मुख्य सचिव के निर्देशानुसार तथा पलामू उपायुक्त समीरा एस. की प्रयास से सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा शिविरों की स्थान एवं तिथि का निर्धारण कर दिया गया है। यह पहल न केवल राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को सार्थक बनाएगी, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद भी जगाएगी।
उपायुक्त समीरा एस. ने बताया कि रक्तदान एक पवित्र दान है और हर स्वस्थ व्यक्ति को इस मानव सेवा में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक-से-अधिक संख्या में आगे आकर रक्तदान कर मानवता का परिचय दें और रक्तदान का पलामू में नया रिकॉर्ड बनाएं। रक्तदान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रक्तदान शिविर को लेकर तैयारी पूरी की जा रही है। सदर अस्पताल/मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक, उपाधीक्षक, अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद एवं छतरपुर के उपाधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निदेश दिया गया है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन कराना सुनिश्चित करें। सभी शिविरों में चिकित्सक, रक्तसंग्रह इकाई एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने भी सभी जिलेवासियों से रक्तदान करने की अपील की है। इन रक्तदान शिविरों के माध्यम से न केवल रक्तकोष को सशक्त किया जाएगा, बल्कि आमजनों में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी फैलाई जाएगी।
रक्तदान हेतु निर्धारित तिथि एवं स्थान:-
12 एवं 13 नवंबर चैनपुर, 14 नवंबर लेस्लीगंज, 15 नवंबर मनातू, 16 नवंबर विश्रामपुर, 17 एवं 18 नवंबर को छतरपुर, 19, 20 एवं 21 नवंबर को हुसैनाबाद, 22 नवंबर को हरिहरगंज, 23 नवंबर पांकी, 24 नवंबर पाटन, 25 नवंबर सदर मेदिनीनगर, 26, 27 एवं 28 नवंबर को सदर अस्पताल/ मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पलामू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।