मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर की जनसभा में राजद (RJD) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब उन दिनों को नहीं भूल सकती जब राज्य में “जंगलराज” का दौर था। पीएम मोदी ने कहा — “मैं पांच शब्दों में उनके शासन की पहचान बताना चाहता हूं — कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। यही आरजेडी-कांग्रेस का इतिहास है, यही उनकी पहचान है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां “कट्टा और क्रूरता” का राज होता है, वहां कानून और न्याय दम तोड़ देता है। जहां “कटुता” फैलाने वाली राजनीति होती है, वहां समाज में सद्भाव खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा कि आरजेडी-कांग्रेस के कुशासन में बिहार का विकास रुक गया और भ्रष्टाचार ने राज्य की जड़ें खोखली कर दीं।
पीएम मोदी ने जनता से सवाल किया — “क्या ऐसे लोग बिहार का भला कर सकते हैं? जिन्होंने गरीबों का हक छीना, उन्हें क्या दोबारा मौका दिया जा सकता है?” उन्होंने कहा कि बिहार को अब उद्योग, रोजगार और निवेश की जरूरत है। इसके लिए कानून का राज, बिजली, सड़क और बेहतर कनेक्टिविटी जरूरी है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा — “जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का है, वो उद्योग के लिए जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल लूटी, वो कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या?”
मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने बिहार में विकास और पारदर्शिता की नई संस्कृति शुरू की है। उन्होंने कहा कि आज बिहार तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, और जनता अब भ्रष्टाचार और डर के दौर में लौटना नहीं चाहती।
प्रधानमंत्री की इस जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, जहां उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र की योजनाओं और बिहार के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।