हैदराबाद। तेलंगाना के रंगारेड्डी ज़िले में सोमवार सुबह एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हैदराबाद-बीजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (TSRTC) की एक बस और बजरी से लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा चेवेल्ला मंडल के मिर्ज़ागुडा गांव के पास हुआ, जब तंदूर से हैदराबाद जा रही सरकारी बस तेज रफ्तार में सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और राहत दल ने घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत चेवेल्ला के सरकारी अस्पताल और पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद रेफर किया गया है। हादसे के बाद चेवेल्ला-विकाराबाद मार्ग पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग हादसे की वजह हो सकती है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए और घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों से लगातार स्थिति की रिपोर्ट देने को कहा।
