नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार देर रात अपने प्रत्याशियों की तीसरी और अंतिम सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 18 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं। इसी के साथ भाजपा ने राज्य की सभी 101 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा पूरी कर ली है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी इस सूची में बताया गया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन 18 नामों पर अपनी स्वीकृति दी है। सबसे ज्यादा चर्चा में राघोपुर सीट रही, जहां से भाजपा ने सतीश यादव को मैदान में उतारा है। अब वे राजद नेता तेजस्वी यादव के सामने चुनावी मुकाबला करेंगे।
तीसरी सूची के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में रामनगर से नंद किशोर राम, नरकटियागंज से संजय पांडेय, बगहा से राम सिंह, लौरिया से विनय बिहारी, हरिसिद्धि से कृष्णनंदन पासवान, और कल्याणपुर से सचिंद्र प्रसाद सिंह शामिल हैं।
इससे पहले भाजपा ने पहली सूची में 71, दूसरी में 12, और अब तीसरी सूची में 18 उम्मीदवारों की घोषणा की है। दूसरी सूची में लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर*को अलीनगर सीट से टिकट दिया गया था, जबकि पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को बक्सर से उम्मीदवार बनाया गया है। आनंद मिश्रा पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी** से जुड़े रहे हैं।
भाजपा की इस तीसरी लिस्ट के साथ अब चुनावी मैदान पूरी तरह गर्म हो गया है।