उत्तरकाशी में ‘थूक जिहाद’ का वीडियो वायरल, बाजार बंद—जाने पूरा मामला

उत्तरकाशी। भगवान शिव की पावन नगरी उत्तरकाशी एक बार फिर विवादों के भंवर में फंस गई है। “थूक जिहाद” का एक नया मामला सामने आने के बाद शहर का माहौल गर्म हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कथित तौर पर एक समुदाय विशेष के युवक को तंदूरी रोटी बनाते समय उस पर थूकते हुए देखा जा रहा है। यह वीडियो उत्तरकाशी के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित एक रेस्टोरेंट “जायका रेस्टोरेंट” का बताया जा रहा है, जिसे एक विशेष समुदाय के व्यक्ति द्वारा संचालित किया जाता है।

जैसे ही यह वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर फैला, शहर में आक्रोश की लहर दौड़ गई। विश्व हिंदू परिषद (VHP), बजरंग दल और उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कराते हुए हनुमान चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान हिंदू व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे पूरे शहर का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ और दीपावली त्यौहार को देखते हुए व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान दोबारा खोल दिए। हालांकि, मुस्लिम व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे, जिससे शहर के दोनों समुदायों में असहजता बनी रही।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। जायका रेस्टोरेंट, जो पुलिस चौकी के पास स्थित है, में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के नियमों के उल्लंघन की भी शिकायतें मिली हैं। रेस्टोरेंट के मालिक और कर्मचारियों की पहचान कर पूछताछ की जा रही है, और वीडियो की फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

एसपी उत्तरकाशी ने बताया कि यदि वीडियो सत्य पाया गया, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब उत्तरकाशी का माहौल इस तरह के विवाद से गरमाया हो। बीते वर्ष भी अवैध मस्जिद निर्माण को लेकर तीन महीने तक शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही थी, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए थे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़ी ऐसी घटनाएं समाज में विभाजन की भावना पैदा करती हैं और प्रशासन को इनके विरुद्ध उदाहरणात्मक कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।

थूक जिहाद जैसे मुद्दों पर देशभर में समय-समय पर विवाद होते रहे हैं, लेकिन धार्मिक नगरी उत्तरकाशी में इस तरह का मामला सामने आना विशेष रूप से संवेदनशील माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.