जदयू की पहली लिस्ट में 57 उम्मीदवार, महिलाओं और सामाजिक समीकरणों को मिला विशेष ध्यान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: जदयू ने पहली सूची जारी, 57 उम्मीदवारों में नए और पुराने चेहरे शामिल

बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपनी पहली उम्मीदवार सूची बुधवार को जारी कर दी है। इस सूची में कुल 57 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जिसमें पुराने अनुभव वाले नेता और नए चेहरे दोनों को जगह दी गई है।

सूची में कई प्रमुख उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जैसे आलमनगर से नरेन्द्र नारायण यादव, बिहारीगंज से निरंजन कुमार मेहता, मधेपुरा से कविता साहा, सोनबरसा से रत्नेश सादा, और कुशेश्वरस्थान से अतिरेक कुमार। इसके अलावा, गायघाट से कोमल सिंह, मीनापुर से अजय कुशवाहा, समस्तीपुर से अश्वमेघ देवी और विभूतिपुर से रवीना कुशवाहा जैसी महिला उम्मीदवारों को भी टिकट दिया गया है।

जदयू ने इस सूची में सामाजिक समीकरणों पर विशेष ध्यान रखा है। पार्टी ने अपने कोर वोट बैंक माने जाने वाले कुर्मी-कोइरी (लव कुश) समाज से 23 उम्मीदवारों को मौका दिया है। इसके अलावा अति पिछड़ा वर्ग से 9, दलित वर्ग से 12 और सामान्य वर्ग से 12 उम्मीदवारों को टिकट मिला है।

विशेष रूप से, पार्टी ने महिला उम्मीदवारों पर भरोसा जताते हुए चार महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा है। जदयू का यह कदम विविध सामाजिक समूहों और महिलाओं के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जदयू की यह पहली सूची पुराने नेताओं के अनुभव और नए उम्मीदवारों की ऊर्जा का संतुलन दर्शाती है, जिससे पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत स्थिति बनाने में मदद मिल सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.