नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस बार जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ एक मुस्लिम उम्मीदवार को भी मौका दिया है, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
भाजपा महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी सूची के अनुसार, झारखंड की घाटशिला (एसटी) सुरक्षित सीट से बाबूलाल सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर की बडगाम सीट से आगा सैयद मोहसिन और नगरोटा सीट से देवयानी राणा को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा, ओडिशा की नुआपाड़ा सीट से जय ढोलकिया और तेलंगाना की जुबली हिल्स सीट से लंकाला दीपक रेड्डी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा ने इन उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय समीकरणों, सामाजिक प्रतिनिधित्व और संगठन की निचले स्तर की रणनीति को ध्यान में रखा है। खास बात यह है कि जम्मू-कश्मीर की बडगाम सीट से मुस्लिम उम्मीदवार आगा सैयद मोहसिन का चयन पार्टी की नई रणनीति को दर्शाता है, जो विभिन्न समुदायों तक पहुंच बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है।