कब होगी सीबीआई जांच? कांग्रेस ने धामी सरकार से पूछा—‘मर्तोलिया को कब बर्खास्त किया

देहरादून: उत्तराखंड में यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में सरकार द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने के बाद अब विपक्ष ने धामी सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि “अब सरकार और भाजपा को प्रदेश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।”

राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी सरकार ने पहले पेपर लीक की बात से इनकार करते हुए इसे केवल एक सेंटर की मामूली नकल बताया था। लेकिन जब सच सामने आया तो परीक्षा निरस्त करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि जिन्होंने इस लीक का विरोध किया, उन युवाओं को ‘अर्बन नक्सल’, ‘देशद्रोही’, ‘सनातन विरोधी’ और ‘नकल जिहादी’*कहकर बदनाम किया गया — सरकार को इसके लिए **कान पकड़कर माफी मांगनी चाहिए।

धस्माना ने कहा कि केवल परीक्षा निरस्त कर देने से मामला खत्म नहीं होता। उन्होंने पूछा कि सीबीआई जांच कब शुरू होगीऔर यूके ट्रिपल एससी अध्यक्ष गणेश मर्तोलिया को कब बर्खास्त किया जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच की संस्तुति की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने मांग की कि जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए और मर्तोलिया को तत्काल पद से हटाया जाए। अन्यथा, कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन जारी रखेगी।

केदारनाथ धाम में वीवीआईपी श्रद्धालुओं से पैसे लेकर दर्शन करवाने के आरोपों पर धस्माना ने कहा कि यह “भगवान के नाम पर रिश्वतखोरी” है और इस पर सरकार को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम श्रद्धालुओं की सुविधा और दर्शन व्यवस्था बेहद खराब है और कांग्रेस इस मुद्दे को भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश सिंह कौशल, लखी राम बिजलवान, गुल मोहम्मद और संतोष नैनवाल उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.