अंतिम संस्कार से पहले असम के गायक जुबिन गर्ग का दूसरा पोस्टमॉर्टम: सिंगापुर जांच में मौत का कारण ‘डूबना’ बताया गया

सत्यनारायण मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार 
गुवाहाटी: असम के प्रसिद्ध गायक जुबिन गर्ग की सिंगापुर में कथित स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई रहस्यमयी मौत ने पूरे राज्य को स्तब्ध कर रखा है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक सिंगापुर में उनका पहला पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है, और मौत का कारण डूबना (ड्राउनिंग) बताया गया है। हालांकि, असम में बढ़ते संदेहों और साजिश के आरोपों के बीच, गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में मंगलवार (23 सितंबर) सुबह उनका दूसरा पोस्टमॉर्टम किया जायेगा। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। लाखों प्रशंसकों की भीड़ और सोशल मीडिया पर शोक की लहर के बीच, जुबिन की अंतिम विदाई की तैयारियां तेज हैं।

सिंगापुर डेथ सर्टिफिकेट: डूबना या साजिश?
सिंगापुर हाईकमीशन ने जारी मृत्यु प्रमाण पत्र में जुबिन की मौत का कारण ‘डूबना’ दर्ज किया है। मुख्यमंत्री सरमा ने स्पष्ट किया कि मुख्य जांच सिंगापुर पुलिस द्वारा की जायेगी, लेकिन असम सरकार साजिश के आरोपों की गहन जांच करेगी। मौत से ठीक पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें जुबिन स्कूबा डाइविंग की तैयारी करते नजर आ रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में पैराग्लाइडिंग हादसे का जिक्र भी आया, लेकिन आधिकारिक पुष्टि केवल डूबने की है। सिंगापुर में पोस्टमॉर्टम 20 सितंबर को पूरा हुआ, और बॉडी को जुबिन की टीम को भारतीय दूतावास की मौजूदगी में सौंप दिया गया। बॉडी अब गुवाहाटी पहुंच चुकी है, जहां लाखों प्रशंसकों की भीड़ जमा है।
दूसरा पोस्टमॉर्टम: जनता की मांग और फाउल प्ले के दावे:
असम में प्रशंसकों, सामाजिक संगठनों और विपक्षी दलों ने पारदर्शी जांच की मांग की है, जिसके बाद सरकार ने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में दूसरा पोस्टमॉर्टम तय किया। यह जांच AIIMS के डॉक्टरों की देखरेख में सुबह 7:30 बजे होगी। असम के मंत्री केशब महंत ने कहा कि जुबिन के सम्मान में 10 बीघा जमीन स्मारक के लिए अधिग्रहित की गई है, और जोरहाट में स्मारक बनाने पर परिवार से चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा। राज्य सरकार ने तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है।

FIR और जांच: आयोजकों पर नजर
जुबिन नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में हिस्सा लेने सिंगापुर गए थे। आयोजकों और उनके मैनेजर के खिलाफ कई FIR दर्ज की गई हैं, और असम पुलिस साजिश की आशंका पर जांच तेज कर रही है। बॉलीवुड संगीतकार अनु मलिक ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि जुबिन को ब्लैकआउट्स की समस्या थी, जो कई लोगों को पता थी। इस बयान ने जांच को नया मोड़ दिया है। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी इंतजार में है, और सभी पहलुओं की जांच की जायेगी।

जुबिन गर्ग, जिन्होंने ‘या अली’ जैसे हिट गाने दिए, असम की सांस्कृतिक धरोहर थे। उनकी मौत पर बॉलीवुड से लेकर आम जनता तक शोक व्यक्त कर रही है। जांच के नतीजे आने तक, राज्य में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.