हरिद्वार। प्रेम आश्रम, हरिद्वार में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस पर प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाराज जी को शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनता के गहरे स्नेह, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सतपाल महाराज का जीवन समाज के लिए सेवा, त्याग और परोपकार की प्रेरणा है। उन्होंने अपनी अध्यात्मिक चेतना और मानव सेवा के माध्यम से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है। समाज में प्रेम, भाईचारा और समरसता का संदेश फैलाने में उनका योगदान अतुलनीय है।
‘मानव सेवा एवं उत्थान समिति’ के जरिए महाराज जी द्वारा देशभर में सामाजिक और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मार्गदर्शन समाज के लिए प्रेरणादायी है।
राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में सतपाल महाराज ने पर्यटन, संस्कृति और तीर्थाटन को नई दिशा दी है। चारधाम यात्रा और मानसखंड कॉरिडोर के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से उत्तराखण्ड को *बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन* और *नेशनल टूरिज्म अवॉर्ड* जैसी उपलब्धियाँ मिली हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, दुर्गेश लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अमृता रावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल समेत बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और सामाजिक कार्यकर्ता भी समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सेवा गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिसने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।