देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शक्ति उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्रि की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर उत्तराखंड के शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और आपदा प्रबंधन प्रयासों के बाद चारधाम यात्रा अब अपने दूसरे चरण में पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। मानसून के दौरान जुलाई-अगस्त में भारी बारिश और आपदा के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से यात्रा प्रभावित रही थी। लेकिन सितंबर से यात्रा पुनः गति पकड़ चुकी है और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में प्रतिदिन 8,000 से अधिक श्रद्धालु श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर रहे हैं। रविवार शाम तक दोनों धामों में कुल 29,24,740 (उनतीस लाख चौबीस हजार सात सौ चालीस) तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। इनमें से 13,70,720 (तेरह लाख सत्तर हजार सात सौ बीस) श्रद्धालु बदरीनाथ धाम और 15,54,020 (पंद्रह लाख चौवन हजार बीस) श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ेगी और चारधाम यात्रा नए आयाम स्थापित करेगी। द्विवेदी ने कहा कि यात्रा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंदिर समिति और प्रशासन दोनों स्तरों पर सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।