पंजाब बाढ़ से 20,000 करोड़ का नुकसान, राहुल ने केन्द्र से ठोस कदम उठाने की अपील की

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पंजाब में आई बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राहत राशि को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि यह पंजाब में हुए नुकसान की भरपाई के लिए बहुत कम है।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि बाढ़ ने पंजाब को गहरी चोट पहुंचाई है। लगभग 4 लाख एकड़ धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है। इसके अलावा 10 लाख से अधिक पशुओं की मौत हो गई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भारी झटका लगा है। लाखों लोग बेघर हो गए हैं, खासकर वे लोग जो पहले से ही हाशिये पर जीवन बिता रहे थे। हजारों एकड़ भूमि अब भी जलमग्न है और कई गांव अभी भी संपर्क से कटे हुए हैं।

कांग्रेस नेता ने अपने हालिया पंजाब दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों की पीड़ा को नजदीक से देखा। उन्होंने बताया कि इस संकट की घड़ी में पंजाब के लोगों ने एक-दूसरे की मदद कर अद्वितीय मानवीय संवेदना दिखाई है। लोग अपने घर अजनबियों के लिए खोल रहे हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद हरसंभव सहायता कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने अनुमान लगाया कि बाढ़ से पंजाब को कम से कम 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने केन्द्र सरकार से अपील की है कि इस संकट से निपटने के लिए “बोल्डर रिस्पॉन्स” यानी कहीं अधिक ठोस और व्यापक कदम उठाए जाएं। इसके लिए उन्होंने नुकसान का त्वरित आकलन कराने और एक बड़े राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग की है।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा, “पंजाब एक बार फिर खड़ा होगा, लेकिन इस कठिन समय में हमें हर किसान, हर सैनिक और हर परिवार को यह भरोसा दिलाना होगा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.