बारिश बनी आफत: लगातार भूस्खलन से सिक्किम में बढ़ा जनहानि का आंकड़ा

गंगटोक। सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों की जिंदगी पर कहर बनकर टूट रही है। पश्चिम सिक्किम और गेजिंग जिले में भूस्खलन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार देर रात गेजिंग जिले के 19-सरदोंग लुंगजिक ग्राम पंचायत के पंचायत अध्यक्ष राजेन गुरुंग की मौत भूस्खलन की चपेट में आने से हो गई। यह हादसा अपर सरदोंग के लामा गांव वार्ड में उनके घर के पास हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बारिश के बीच राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन रातभर चली मशक्कत के बाद गुरुंग का शव बरामद किया गया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने पंचायत अध्यक्ष राजेन गुरुंग के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने रविवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि गुरुंग अपने समुदाय के लिए हमेशा निःस्वार्थ भाव से कार्य करते रहे। उनका योगदान हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

सिर्फ यही नहीं, पश्चिम सिक्किम के अन्य इलाकों में भी भूस्खलन से लगातार जनहानि हो रही है। 11 सितंबर की रात अपर रिम्बिक में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 सितंबर की सुबह थांगसिंग क्षेत्र में एक महिला की जान गई थी। इस तरह अब तक भूस्खलन की चपेट में आकर पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

लगातार हो रही भारी बारिश से कई सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और ग्रामीण इलाकों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

स्थानीय लोग प्राकृतिक आपदा के डर से रातभर जागकर पहाड़ों की ओर निहारते रहते हैं। सवाल यह है कि क्या भारी बारिश का यह सिलसिला आगे भी जानलेवा साबित होगा? फिलहाल प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर इस संकट से निपटने की कोशिश कर रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.