सीपी राधाकृष्णन बने भारत के 15वें उपराष्ट्रपति, विपक्ष को हराया

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार और भाजपा नेता सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। वे भारत के 15वें उपराष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार को संसद भवन में हुए मतदान और मतगणना में उन्हें प्रथम वरीयता के 452 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी इंडी गठबंधन के उम्मीदवार न्यायमूर्ति बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए।

राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 781 वोट निर्धारित थे, जिनमें से 767 सांसदों ने मतदान किया। 15 वोट अमान्य पाए गए और एक सांसद ने पोस्टल बैलेट का प्रयोग किया। मतदान का प्रतिशत 98.2 रहा।

सीपी राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। इससे पहले वे तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल का कार्यभार भी संभाल चुके हैं। उनकी जीत के बाद भाजपा सांसद प्रह्लाद जोशी के घर पर जश्न का माहौल रहा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के कई नेता उन्हें बधाई देने पहुंचे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि सार्वजनिक जीवन में दशकों का अनुभव राष्ट्र की प्रगति में सहायक होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें “गरीबों और वंचितों की सेवा के लिए समर्पित” बताते हुए विश्वास जताया कि वे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, जिन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया था, ने भी बधाई संदेश जारी कर कहा कि इस गरिमामय पद पर उनकी नियुक्ति जनप्रतिनिधियों के विश्वास को दर्शाती है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह ने भी उनके अनुभव, विनम्रता और सेवा भावना की सराहना करते हुए राज्यसभा में नए आयाम जोड़ने की आशा व्यक्त की।

सीपी राधाकृष्णन की जीत एनडीए के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता मानी जा रही है और देश के उपराष्ट्रपति पद पर अब उनका नया कार्यकाल शुरू हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.