बड़कागांव। हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। शनिवार रात पुंदौल गांव के मंटू पांडे (22 वर्ष) और चंदौल गांव की सुलेखा कुमारी (20 वर्ष) ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मंटू और सुलेखा के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि पारिवारिक और सामाजिक कारणों से दोनों के रिश्ते को स्वीकार्यता नहीं मिल पा रही थी। इसी तनाव के बीच दोनों ने खौफनाक कदम उठाते हुए जहर खा लिया।
परिजनों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों को तत्काल बड़कागांव स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को हजारीबाग रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में रांची ले जाते समय सुलेखा की मौत हो गई, जबकि मंटू ने हजारीबाग में दम तोड़ दिया।
बड़कागांव थाना के एसआई अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में गहरा मातम है और गांवों में केवल यही चर्चा हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते परिवारजन आपसी सहमति से कोई रास्ता निकालते, तो शायद यह घटना टल सकती थी। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि समाज में प्रेम संबंधों को लेकर संकीर्ण सोच कैसे दो जिंदगियों को लील जाती है।