बुलंदशहर NH-34 पर भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली कंटेनर से टकराई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और लगभग 40 लोग घायल हो गए। यह हादसा अरनिया क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-टॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मरने वालों में एक बच्चा और दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सूत्रों के अनुसार, लगभग 10 घायलों को गंभीर स्थिति के कारण अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं 10 घायलों को जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।

बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु कासगंज से राजस्थान स्थित गोगाजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर यह बड़ा हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

इस हादसे ने एक बार फिर से हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर किया है। स्थानीय लोग हादसों पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.