पटना। बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के पास ट्रक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर दिल दहलाने वाला मंजर देखने को मिला।
पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं और सभी नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, मृतक और घायल लोग पटना जिले के फतुहा में गंगा स्नान करने गए थे। भादो अमावस्या के अवसर पर गंगा नदी में डुबकी लगाने के बाद सभी लोग ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक घटना घट गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि टैंक लॉरी तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया। अचानक सामने से आ रही ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भीषण था कि शव सड़क पर बिखर गए और मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के गांव में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
—