रुड़की: IIT रुड़की के शोधकर्ताओं ने एक ऐसा अनोखा उपकरण तैयार किया है, जो न केवल यह बताता है कि बाढ़ का पानी शहर में कैसे फैलेगा, बल्कि यह भी भविष्यवाणी करता है कि इसके साथ फैलने वाली बीमारियाँ किन क्षेत्रों को सबसे ज़्यादा प्रभावित करेंगी। इस मॉडल का नाम ‘हाईइको’ (HIEco) है और इसे दिल्ली में 2023 की भीषण बाढ़ के दौरान आज़माया भी गया था।
हाईइको अपनी तरह का पहला एकीकृत मॉडलिंग प्लेटफॉर्म है जो बाढ़ मानचित्रण, जल गुणवत्ता सिमुलेशन और सूक्ष्मजीवी जोखिम मूल्यांकन को एक साथ जोड़ता है। इससे यह पता लगाया जा सकता है कि बाढ़ग्रस्त इलाकों में कौन से हिस्से सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए सबसे अधिक खतरे में हैं।
दिल्ली की बाढ़ पर परीक्षण के दौरान यह सामने आया कि 60% से ज्यादा बाढ़ग्रस्त क्षेत्र “उच्च” से “अत्यधिक उच्च” खतरे की श्रेणी में आते हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि इन इलाकों में पानी में हानिकारक बैक्टीरिया, खासकर ई. कोलाई, सुरक्षित सीमा से लाखों गुना ज़्यादा पाए गए।
बाढ़ के पानी में अक्सर अनुपचारित सीवेज और औद्योगिक कचरा मिल जाता है, जिससे यह पानी जानलेवा बन जाता है। इससे हैजा, डायरिया जैसी बीमारियां आसानी से फैल सकती हैं। विशेष रूप से बच्चों के लिए यह और भी खतरनाक साबित हो सकता है क्योंकि वे अकसर बाढ़ के पानी में खेलते हैं।
IIT रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग के प्रोफेसर मोहित पी. मोहंती ने बताया, “बाढ़ का असर सिर्फ इमारतों और सड़कों पर नहीं होता, इससे गंभीर स्वास्थ्य संकट भी पैदा हो सकते हैं। हाईइको यह देखने में मदद करता है कि सबसे बड़ा खतरा कहां है ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।”
हाईइको केवल एक उपकरण नहीं बल्कि एक रणनीतिक समाधान है। इससे प्रशासन को यह जानने में मदद मिलती है कि किस क्षेत्र में स्वास्थ्य का सबसे बड़ा खतरा है और समय रहते किन उपायों से लोगों को बचाया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर मानसून से पहले नालियों की सफाई, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स को बेहतर बनाना, SMS अलर्ट्स भेजना और जलशुद्धिकरण तकनीकों को अपनाना इसमें शामिल हैं।
IIT रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत का कहना है कि यह शोध विज्ञान को समाज से जोड़ने का आदर्श उदाहरण है। हाईइको न सिर्फ भारत के लिए, बल्कि मनीला, जकार्ता, न्यू ऑरलियन्स जैसे बाढ़ प्रभावित अंतरराष्ट्रीय शहरों में भी बेहद उपयोगी हो सकता है।
यह उपकरण स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जैसे भारत सरकार के मिशनों को समर्थन देता है। इसके साथ ही यह संयुक्त राष्ट्र के कई सतत विकास लक्ष्यों (SDG) जैसे – अच्छा स्वास्थ्य (SDG-3), स्वच्छ जल (SDG-6), स्थायी शहर (SDG-11), और जलवायु कार्रवाई (SDG-13) के अनुरूप भी है।

