After Header-1

उत्तराखंड में कनिष्ठ अभियंता भर्ती: रिक्त पदों की जानकारी जल्द होगी जारी

देहरादून।उत्तराखंड में लंबे समय से लंबित कनिष्ठ अभियंता (JE) भर्ती प्रक्रिया को लेकर अब बेरोजगार युवाओं की उम्मीदें एक बार फिर जाग उठी हैं। जल संस्थान ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर रिक्त पदों की संपूर्ण जानकारी शासन को भेज दी जाएगी। मंगलवार को जल संस्थान मुख्यालय में हुई बैठक इस दिशा में अहम साबित हुई।

बैठक में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल के नेतृत्व में श्री प्रांजल नौडियाल समेत दर्जनों बेरोजगार अभ्यर्थी शामिल हुए। अभ्यर्थियों ने जल संस्थान के सचिव श्री एसके सिंह से मुलाकात कर स्पष्ट मांग रखी कि कनिष्ठ अभियंता के रिक्त पदों का विवरण जल्द से जल्द कार्मिक विभाग को सौंपा जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया शुरू हो सके।

सचिव एसके सिंह ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अधिकतम एक सप्ताह में रिक्तियों का पूरा ब्यौरा कार्मिक विभाग को उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कई विभाग समय पर रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराते, जिससे प्रक्रिया में देरी होती है। इस कमी को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में श्री शिवप्रसाद सेमवाल ने अपर सचिव (कार्मिक) ललित मोहन रयाल से भी मुलाकात की और उनसे अनुरोध किया कि सभी विभागों को रिक्तियों की जानकारी शीघ्र भेजने के लिए रिमाइंडर जारी किया जाए। श्री रयाल ने आश्वासन दिया कि विधानसभा सत्र के बाद सभी संबंधित विभागों को एक और रिमाइंडर भेजा जाएगा।

बेरोजगार युवाओं ने उम्मीद जताई है कि लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और पेयजल निगम जैसे प्रमुख विभाग भी जल्द ही अपने रिक्त पदों का ब्यौरा कार्मिक विभाग को सौंप देंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया में तेजी आएगी और युवाओं को रोजगार का अवसर समयबद्ध तरीके से प्राप्त होगा।

इस पहल से प्रदेश के बेरोजगार अभ्यर्थियों में उत्साह है। उन्होंने शासन और जल संस्थान के प्रयासों की सराहना की और भरोसा जताया कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.