महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश से तबाही, 7 की मौत – सीएम ने जारी किया अलर्ट

महाराष्ट्र में सोमवार को मूसलाधार बारिश ने कहर बरपा दिया। लगातार हो रही बारिश से राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 36 में से 16 जिलों में 21 अगस्त तक रेड और यलो अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय स्थित राज्य आपदा प्रबंधन कक्ष में आपात बैठक कर हालात की समीक्षा की। बैठक में संभागीय आयुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों ने जिलेवार स्थिति की जानकारी दी। सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रत्नागिरी, रायगढ़ और हिंगोली जिलों में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है।

फडणवीस ने बताया कि कोंकण की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और जलगांव जिले में भारी नुकसान हुआ है। छत्रपति संभाजीनगर संभाग के लगभग 800 गांव प्रभावित हुए हैं। वहीं, विदर्भ क्षेत्र में करीब 2 लाख हेक्टेयर फसलें बर्बाद होने का अनुमान है। दक्षिण गढ़चिरौली, अकोला, मेहकर और वाशिम में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मुंबई में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। सोमवार सुबह से मात्र आठ घंटों में 170 मिमी बारिश दर्ज की गई। दो जगहों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि मेट्रो, रेलवे और अन्य परिवहन सेवाएं फिलहाल सुचारू रूप से चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 10 से 12 घंटे मुंबई के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

सीएम ने स्थानीय प्रशासन को स्कूलों की छुट्टियों का निर्णय मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए लेने का अधिकार दिया है। साथ ही, पर्यटन स्थलों पर पुलिस को सतर्क रहने और भूस्खलन क्षेत्रों में पहले से व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। आश्रय स्थलों में पर्याप्त भोजन, पानी और कपड़ों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

फडणवीस ने नागरिकों से अपील की कि वे मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन द्वारा भेजे गए एसएमएस अलर्ट को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने कहा कि तत्काल राहत और सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन को पहले से अधिकार और धन उपलब्ध कराए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.