रुड़की। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रुड़की में श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा द्वारा आयोजित भव्य रामडोल शोभायात्रा निकाली गई। सभा के प्रधान सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह परंपरा लगभग डेढ़ सौ वर्षों से लगातार चल रही है और इसे बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है।
शोभायात्रा की शुरुआत श्री चोपड़ा धर्मशाला से हुई और यह नगर के प्रमुख मार्गों—आर्य कन्या स्कूल, नगर निगम पुल, पुरानी सब्जी मंडी चौक, अनाज मंडी चौक, पुरानी तहसील तथा मेन बाजार—से होते हुए रामदयाल चौक पर संपन्न हुई। इस शोभायात्रा में विभिन्न मंदिरों से आई झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति उपस्थित रहे। उन्होंने सभी झांकियों को हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा में रवाना किया। सभा के कोषाध्यक्ष भगवत स्वरूप ने बताया कि अतिथियों के अलावा सभी बैंडबाजों और झांकियों को सम्मानित किया गया।
उपमंत्री गोपाल गुप्ता और नवीन अग्रवाल ने कहा कि यह सभा हमेशा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का काम करती रही है। शोभायात्रा का शुभारंभ लड्डू गोपाल जी की पूजा-अर्चना और रामलला की आरती से किया गया। इस अवसर पर विभोर अग्रवाल, गगन साहनी, अमित अग्रवाल, विकास गुप्ता, अनुज शर्मा सहित पंडित रोहित शर्मा, पंडित सचिन शर्मा, पंडित अनुज नारायण शुक्ला, चेतन पंडित और देवेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि रुड़की की सांस्कृतिक धरोहर और सनातन परंपरा को जीवित रखने का अद्भुत उदाहरण भी है।