उत्तरकाशी: उत्तराखंड के धराली क्षेत्र में आई विनाशकारी आपदा के आठवें दिन भी राहत और बचाव कार्य जारी है। सबसे बड़ी चुनौती हर्षिल में भागीरथी नदी में बनी झील से सुरक्षित तरीके से पानी की निकासी और अब भी लापता 43 लोगों की तलाश है। प्रशासन और राहत एजेंसियों ने अभियान को और तेज कर दिया है।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने बताया कि प्रभावित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि के चेक वितरित कर दिए गए हैं। अब पूरा फोकस लापता लोगों की तलाश पर है। गढ़वाल मंडल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने आपदा क्षेत्र का दौरा कर समीक्षा की और झील से शीघ्र पानी निकालने तथा लापता लोगों की तलाश में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
झील से पानी निकालने के प्रयासों के दौरान सोमवार को एक जेसीबी झील में समा गई, लेकिन समय रहते चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली। इस अभियान में उत्तराखंड जल विद्युत निगम, सिंचाई विभाग और अन्य एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि झील से पानी निकालने का कार्य सतर्कता के साथ किया जा रहा है और निचले क्षेत्रों को भी अलर्ट पर रखा गया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास स्थित वैली ब्रिज से वाहनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है, वहीं डबरानी में भी सड़क मार्ग सुचारु करने का कार्य तेज कर दिया गया है।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी द्वारा मृतकों और लापता लोगों की सूची भी जारी कर दी गई है, ताकि उनके परिजनों को सही जानकारी दी जा सके।