थलीसैंण में लापता मजदूरों की खोज जारी, पुलिस और एसडीआरएफ जुटे सर्च अभियान में

पौड़ी जिले के थलीसैंण क्षेत्र में हाल की अतिवृष्टि के बाद लापता हुए मजदूरों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पूरी ताकत से जुटी हुई हैं। इस कठिन समय में जब प्राकृतिक आपदा ने ग्रामीणों की जिंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया है, पुलिस और एसडीआरएफ लगातार राहत और बचाव कार्यों में लगें हैं, और लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने के प्रयास कर रही हैं।

एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है, फिर भी पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ काम कर रही हैं। थलीसैंण क्षेत्र में लापता मजदूरों का पता लगाने के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। विषम परिस्थितियों, खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के बावजूद जवानों का हौसला बिल्कुल भी कम नहीं हुआ है, और वे दिन-रात इस सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।

एसडीआरएफ और पुलिस का कहना है कि लापता मजदूरों की तलाश में अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं मिले हैं, लेकिन सर्च अभियान जारी रहेगा। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिस और एसडीआरएफ न केवल राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं, बल्कि प्रभावित परिवारों को मानसिक सहारा देने के साथ-साथ सुरक्षा का भी पूरा भरोसा दे रहे हैं। इस कठिन वक्त में प्रशासन और राहत टीमें लगातार सक्रिय हैं ताकि लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।

प्राकृतिक आपदा के बीच पुलिस और एसडीआरएफ की यह समर्पित कोशिशें ग्रामीणों में आशा की किरण बना रही हैं, और लोगों को इस मुश्किल घड़ी में थोड़ी राहत मिल रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.