ब्रासीलिया। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शनिवार को लगभग 40 मिनट तक अहम बातचीत हुई। इस चर्चा में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर चल रही शांति पहल, अमेरिका के साथ पुतिन की हालिया वार्ताएं और वैश्विक राजनीति की मौजूदा स्थिति प्रमुख विषय रहे।
ब्राजीलियाई राष्ट्रपति भवन की जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने ब्रिक्स समूह के भीतर सहयोग बढ़ाने, और अमेरिका द्वारा हाल ही में उठाए गए टैरिफ जैसे आर्थिक फैसलों पर संयुक्त प्रतिक्रिया को लेकर विचार-विमर्श किया। यह वार्ता ऐसे समय हुई है जब पुतिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संभावित मुलाकात की तैयारियों में जुटे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुतिन पिछले कुछ दिनों से चीन, भारत और मध्य एशिया व यूरोप के कई राष्ट्राध्यक्षों से लगातार संपर्क में हैं। उनका उद्देश्य है—अमेरिका के साथ प्रस्तावित वार्ता से पहले अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करना और यूक्रेन संकट पर वैश्विक समर्थन हासिल करना।
उधर, ब्राजील और अमेरिका के रिश्ते हाल में और तनावपूर्ण हो गए हैं। ट्रंप प्रशासन ने ब्राजील से आयात होने वाले कई उत्पादों पर 50% तक शुल्क लगा दिया है। खास बात यह है कि ये फैसला ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जाइर बोल्सोनारो के राजनीतिक समर्थन को लेकर ट्रंप के नाराज़गी से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि कुछ उत्पाद जैसे संतरे का रस और विमान पर यह शुल्क कम रखा गया है।
लूला ने इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी टैरिफ मुद्दे पर चर्चा की थी। वे ब्रिक्स देशों के साथ मिलकर अमेरिका के खिलाफ सामूहिक रणनीति बनाने की योजना बना रहे हैं।