धराली-हर्षिल दौरे पर कांग्रेस का BJP पर हमला, आपदा कार्यों में लापरवाही का आरोप

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के उत्तरकाशी जिले के आपदा ग्रस्त धराली-हर्षिल क्षेत्र के दौरे पर भाजपा की प्रतिक्रिया को लेकर तीखा पलटवार किया है।

श्री धस्माना ने कहा कि भाजपा नेतृत्व की बौखलाहट, आपदा कार्यों में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उजागर होने के डर से है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण करण माहरा को भटवाड़ी से आगे जाने की अनुमति दो दिन तक नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का यह कहना कि कांग्रेस अध्यक्ष आपदा में अवसर तलाश रहे हैं, बेहद हल्की टिप्पणी है। धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता इस कठिन समय में भी जिला पंचायत चुनावों के लिए खरीद-फरोख्त में लगे हैं, जबकि आपदा प्रभावित क्षेत्र की मदद में जुटना चाहिए था।

धस्माना ने कहा कि जिस समय धराली-हर्षिल में भीषण आपदा आई, उसी जिले के जिला पंचायत सदस्यों को भाजपा में शामिल कराने का कार्यक्रम हंसी-ठिठोली के बीच हुआ, और मृतकों के लिए दो शब्द श्रद्धांजलि तक नहीं दी गई।

उन्होंने बताया कि आपदा की सूचना मिलते ही करण माहरा कुमाऊं से रवाना हुए, और प्रशासन द्वारा रोके जाने पर 42 किलोमीटर पैदल यात्रा की। इस दौरान उन्होंने खतरनाक चट्टानों पर रस्सियों से मंकी क्रॉलिंग की, तेज बहाव वाले पानी को बल्लियों और गटर के सहारे पार किया, और अंततः धराली-हर्षिल पहुंचकर प्रभावितों से मिले, उनका दुख-संवेदना साझा किया और राहत दलों का मनोबल बढ़ाया।

धस्माना का कहना है कि जो कार्य माहरा ने किया, वही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी कर सकते थे, लेकिन खराब मौसम और टूटी सड़कों का बहाना बनाकर राहत कार्य धीमी गति से किया गया, जिससे कई जानें बचाई जा सकती थीं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.