उत्तरकाशी में रेस्क्यू तेज़: सीएम धामी ने हेली ऑपरेशन और राहत कार्यों की ली समीक्षा

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातःकाल उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने NDRF, SDRF और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की समीक्षा की और सभी टीमों को राहत कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से हेली रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉर्निंग रिपोर्ट पर फोकस करते हुए इसे तेज़ और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक प्रभावितों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से संवेदनशील और तत्पर है।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और संचार सेवाओं की शीघ्र बहाली पर ज़ोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पेयजल और खाद्यान्न आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जाए और कहीं भी कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत कार्यों में जुटी सभी टीमों के साहस, निष्ठा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा, “विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार NDRF, SDRF और प्रशासनिक टीमें 24 घंटे बिना थके राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं, वह वास्तव में प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है। ये टीमें आपदा प्रबंधन का एक अनुकरणीय उदाहरण पेश कर रही हैं।”

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार और राहत दलों के सामूहिक प्रयासों से जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी और प्रभावितों को हरसंभव सहायता मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.